Apr 21, 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिकित्सकों को दिए निर्देश, खंडूड़ी जी के उपचार में न हो कोई कमी

post-img

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेनि) की कुशलक्षेम जानी। पूर्व मुख्यमंत्री पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते अस्पताल में उपचाराधीन हैं।

अस्पताल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीधे पूर्व मुख्यमंत्री के वार्ड में जाकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने काफी देर तक उनके साथ समय बिताया और उनके मनोबल को बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद विशेषज्ञों और चिकित्सकों की टीम से उनके उपचार और रिकवरी के बारे में विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रखी जाए। मुलाकात के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी की पुत्री और उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण भी वहां मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें सांत्वना दी और विश्वास जताया कि जनरल खंडूड़ी अपने दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति से जल्द ही पूर्ण स्वस्थ होकर घर लौटेंगे। मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी पूर्व मुख्यमंत्री के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि जनरल खंडूड़ी का मार्गदर्शन और अनुभव प्रदेश के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहा है। उनके अस्वस्थ होने की खबर पाकर समर्थकों और प्रदेश के नागरिकों द्वारा भी उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की जा रही है।